ग्रेटर नोएडा बंगीय समाज की पहली दुर्गा पूजा का हुआ भव्य आगाज़, मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, मां दुर्गा की पूजा अर्चना की
ग्रेटर नोएडा, 28 सितंबर। ग्रेटर नोएडा बंगीय समाज (GNBS) द्वारा शहर में आयोजित की जा रही पहली दुर्गा पूजा का आज गामा-1 कम्युनिटी सेंटर में भव्य शुभारंभ हुआ। यह ऐतिहासिक आयोजन 2 अक्टूबर तक चलेगा और धार्मिक, सांस्कृतिक व सामुदायिक एकता का अद्भुत संगम बनेगा।
उद्घाटन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की, माता के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया और आयोजकों को इस ऐतिहासिक प्रथम आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल समाज को जोड़ते हैं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पीढ़ी तक पहुँचाते हैं।
आयोजन को और विशेष बनाते हुए GNBS को हाल ही में नारायणी नमस्तुते ग्लोबल अवार्ड्स 2025 में “बेस्ट थीम सॉन्ग अवार्ड 2025” से सम्मानित किया गया है। यह थीम सॉन्ग महालया के अवसर पर जारी किया जाएगा और पुरस्कार का औपचारिक वितरण दुर्गा पूजा समारोह के दौरान मंच पर ही होगा।
मुख्य आकर्षण
कुमारी पूजा : ग्रेटर नोएडा में पहली बार आयोजित होगी, जो देवी शक्ति के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है।
भोग/भंडारा : सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर सामूहिक भोग का वितरण किया जाएगा।
धुनुची नृत्य : सप्तमी और नवमी पर पारंपरिक नृत्य का भक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां :
षष्ठी (28 सितंबर) – आकाश धारा
सप्तमी (29 सितंबर) – सामंतक और मेट्स
अष्टमी (30 सितंबर) – इंद्रनील दत्ता
नवमी (1 अक्टूबर) – सुजॉय भौमिक
आनंद मेला और पाक कला प्रतियोगिता : पंचमी को महिलाओं द्वारा आयोजित हुआ, जिसमें स्वाद और रचनात्मकता का उत्सव होगा।
GNBS के मीडिया प्रभारी तथागत दास गुप्ता का कहना है कि यह दुर्गा पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सामुदायिक एकता और बंगाल की समृद्ध परंपरा को जीवंत करने का अवसर है। यह आयोजन सभी के लिए खुला है और दिल्ली-एनसीआर के परिवारों व समुदायों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
