श्री धार्मिक रामलीला मंचन में ताड़का वध और सियाराम मिलन ने दर्शकों को भावविभोर किया
ग्रेटर नोएडा, 26 सितम्बर 2025 — धार्मिक रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के चौथे दिन का मंचन शुक्रवार को संपन्न हुआ। मुख्य मंचन में विद्या अभ्यास, सुबाहु वध, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और सियाराम मिलन जैसे प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न द्वारा गुरु वशिष्ठ के आश्रम में विद्या ग्रहण से हुई। अयोध्या लौटने पर महाराज दशरथ के प्रसन्नता के बीच महर्षि विश्वामित्र का आगमन हुआ, जिन्होंने राम और लक्ष्मण को यज्ञ रक्षा हेतु अपने साथ ले जाने की अनुमति मांगी। ताड़का वध के दृश्य में राम ने जनमानस को भय से मुक्त किया, वहीं अहिल्या उद्धार ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर दिया।
जनकपुर यात्रा के दौरान पुष्प वाटिका में राम और सीता का प्रथम मिलन हुआ, जिसे दर्शकों ने शाश्वत प्रेम की परिभाषा के रूप में देखा। जयकारों से गूंजता परिसर इस दिव्य मिलन का साक्षी बना।
कमेटी अध्यक्ष आनंद भाटी ने बताया कि रामलीला का यह मंचन शिक्षा के महत्व को दर्शाता है, जहां स्वयं ब्रह्मांड के स्वामी भी विद्या ग्रहण करने को प्राथमिकता देते हैं। मंचन परम पूज्य गोस्वामी सुशील महाराज के निर्देशन में हुआ।
मुख्य अतिथि चंदन सिंह चौहान (सांसद, बिजनौर) और विशिष्ट अतिथि बाबी भाटी (समाजसेवी व चेयरमैन, ओम प्रोपटेक) ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राजकुमार नागर, प्रदीप शर्मा, शेर सिंह भाटी, हरवीर मावी, नरेश गुप्ता, सुशील नागर, धीरेंद्र भाटी, मनोज गुप्ता, सतीश भाटी, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, बालकिशन सफीपुर, धीरज शर्मा, ममता तिवारी, अजय नागर, महेश शर्मा, सुभाष भाटी, उमेश गौतम, योगेंद्र भाटी, मनीष डाबर, रोशनी सिंह, चैन पाल प्रधान, अतुल आनंद, जितेंद्र भाटी, सत्यवीर मुखिया, फिरे प्रधान, पी पी शर्मा, सुनील बंसल, महेश कमांडो, विमलेश रावल, ज्योति सिंह, वीरपाल मावी, जयदीप सिंह, गीता सागर, यशपाल नागर, तेजकुमार भाटी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
रामलीला के इस मंचन ने न केवल धार्मिक भावनाओं को जागृत किया, बल्कि शिक्षा, सेवा और प्रेम के मूल्यों को भी समाज में पुनर्स्थापित किया।
