यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यमुना प्राधिकरण की धूम, फिल्म सिटी और एयरपोर्ट के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
ग्रेटर नोएडा। एक्सपोमार्ट एक्सहिबिशन सेंटर में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के तीसरे संस्करण में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के स्टॉल्स ने आगंतुकों और उद्योगपतियों को खासा आकर्षित किया। हॉल नंबर 03 में लगे प्राधिकरण के स्टॉल्स पर इंटरनेशनल फिल्म सिटी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेडिकल डिवाइस पार्क और प्रस्तावित फिनटेक सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की झलक पेश की गई।
फिल्म सिटी के स्टॉल पर अभिनेता अर्जुन कपूर, निर्माता बोनी कपूर और आशीष भूटानी पहुंचे और फिल्म सिटी परियोजना की सराहना की। वहीं एयरपोर्ट स्टॉल पर यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ शेलमैन, उद्योगपति शेखर अग्रवाल, प्रिया गोल्ड ग्रुप के डायरेक्टर, डीएस ग्रुप के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम.एल. जायसवाल और हैवेल्स ग्रुप के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट राजीव गोयल सहित कई दिग्गजों ने पहुंचकर प्राधिकरण की योजनाओं को सराहा।
उद्योगपतियों ने कहा कि यमुना प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत की जा रही परियोजनाएँ न केवल निवेश के नए अवसर खोलेंगी बल्कि पूरे क्षेत्र को औद्योगिक और रोजगार के मामले में नई ऊँचाई देंगी। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का मानना है कि फिल्म सिटी और एयरपोर्ट के साथ-साथ मेडिकल डिवाइसेज पार्क और सेमीकंडक्टर पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स भारत को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएँगे।
प्राधिकरण को मिले स्थल पर प्रियागोल्ड, एसएईएल सोलर, एनएईसी क्लस्टर, मिंडा स्पार्क, हॉवेल्स, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, एमजीएम एजुकेशनल ग्रुप, एमिटी यूनिवर्सिटी, पतंजलि और टॉय एसोसिएशन जैसी नामी कंपनियों ने भी अपने स्टॉल लगाकर मेले की रौनक बढ़ाई। मेडिकल डिवाइसेज क्लस्टर में अलेंजर, पॉलीमेडिक्योर, मेडिसिस, सियों मेड़, रोमसन, अलाइड मेडिकल, नारंग और मधु इंस्ट्रूमेंट्स जैसी अग्रणी कंपनियों की मौजूदगी ने प्राधिकरण की ताकत को और मजबूत किया।
स्टॉल पर लगाए गए ‘अनुष्का रोबोट’ ने भी आगंतुकों को खूब आकर्षित किया। इस दौरान यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, शैलेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारी नंदकिशोर सुंदरियाल और एजीएम इंडस्ट्री स्मिता सिंह भी मौजूद रहे।
