धार्मिक भक्ति और सामाजिक एकता का संगम बनी महाराजा अग्रसेन जयंती, माता की चौकी में गूंजे भजन
ग्रेटर नोएडा | 22 सितंबर 2025:
स्वर्ण नगरी स्थित भवन में रविवार को महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति ग्रेटर नोएडा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, संस्कृति और समाज सेवा का अद्भुत समावेश देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आरती से हुई, जिसमें समिति के सभी सदस्यों ने भाग लिया। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर आयोजित माता की चौकी में दिल्ली से आए भजन गायक हैप्पी वैष्णव और पूनम साई ने राजेश एंड पार्टी के साथ मिलकर भक्ति रस से सराबोर कर देने वाले भजनों की प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
चौकी के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए व्रत और अन्न दोनों प्रकार के भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी आगंतुकों को सुविधा और सेवा का अनुभव मिला।
कार्यक्रम की सफल व्यवस्था में समिति अध्यक्ष सौरभ बंसल, संरक्षक मनोज गर्ग और ओमप्रकाश अग्रवाल के साथ नवीन जिंदल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, अमित गोयल, राजेश गुप्ता, गिरीश जिंदल, कपिल गुप्ता, विजय अग्रवाल, अंकुर गर्ग, रविंद्र गर्ग, पवन गोयल, पंकज अग्रवाल, पुष्पेंद्र गोयल, ऋषि गोयल, नितिन बंसल सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल महाराजा अग्रसेन की स्मृति को सम्मानित करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में एकता, सेवा और भक्ति की भावना को भी सशक्त किया।
