शिक्षक पात्रता परीक्षा के निर्णय के विरोध में शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन, सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर से की मुलाकात
गौतम बुद्ध नगर, 17 सितंबर —
उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ जनपद गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 1 सितंबर 2025 को दिए गए निर्णय के विरोध में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री चौधरी सुरेन्द्र सिंह नागर से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह नागर के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचा।
जिलाध्यक्ष नागर ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश और देश के बेसिक शिक्षकों के हितों के प्रतिकूल है। दशकों से विभागीय सेवा शर्तों के तहत कार्यरत शिक्षकों को टीईटी से बाहर करना उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम एवं एनसीटीई अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने हेतु भारत सरकार अधिनियम में संशोधन करे।
सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे शिक्षकों की मांगों को प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री तक पहुंचाएंगे और शिक्षक हित में उचित कदम उठाने का अनुरोध करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष नागर, मेरठ मंडल अध्यक्ष उमेश राठी, मंडल उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सत्यपाल लोहिया, सुखपाल सिंह, विद्यावती, कुसुमलता, मुनेश शर्मा सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
यह विरोध ज्ञापन प्रदेश के लाखों शिक्षकों की भावनाओं और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का प्रतीक बनकर सामने आया है।
