यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 : जिलाधिकारी ने आरडब्ल्यूए व एओए पदाधिकारियों संग की बैठक
25 से 29 सितम्बर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा भव्य आयोजन
गौतमबुद्धनगर, 09 सितम्बर। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 (तृतीय संस्करण) की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 25 से 29 सितम्बर तक आयोजित यह ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक प्रगति और उद्यमशीलता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। इस मेगा इवेंट में देश-विदेश के उद्यमी, निवेशक, निर्यातक और क्रेता-विक्रेता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के निवासियों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। यह आयोजन “वोकल फॉर लोकल” अभियान को मजबूती देगा और प्रदेश की गौरवशाली पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने आयोजन के दौरान यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, सुरक्षा और आगंतुकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही इस भव्य आयोजन को सफल बनाया जा सकेगा।
बैठक में आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी मंगलेश दुबे, इंडिया एक्सपो मार्ट के वरिष्ठ अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
