ग्रेटर नोएडा में सांड का हमला: युवक ICU में भर्ती, बच्चे को भी लगी चोट
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर बीटा-1 में रविवार को दहशत फैल गई जब एक आवारा सांड ने अचानक निवासी प्रथम चंद्रा और उनके पांच वर्षीय बेटे रिहान पर हमला कर दिया। घटना में प्रथम चंद्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें यथार्थ अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। बच्चे को हाथ में चोट आई है। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
सेक्टर बीटा-1 आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग और प्राधिकरण को कई बार लिखित और मौखिक सूचना दी गई। खासकर सांडों की मौजूदगी लोगों के लिए खतरा बन चुकी है। इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नतीजा यह हुआ कि अब एक परिवार का सदस्य जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
सेक्टरों में दहशत का माहौल
ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में आवारा पशुओं का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। आए दिन बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इन हमलों का शिकार बन रहे हैं। निवासियों का कहना है कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि घर से बाहर निकलते वक्त भी डर बना रहता है।
योजनाएं कागजों तक सीमित
उत्तर प्रदेश सरकार हर साल आवारा गोवंश की देखभाल के लिए भारी-भरकम बजट जारी करती है। प्राधिकरण भी दो गौशालाओं का संचालन कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में कोई सुधार नहीं है। सांड खुलेआम सड़कों पर घूम रहे हैं और लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं।
