सुदामा-कृष्ण की अटूट मित्रता ने किया भावविभोर, आंखें नम कर गई श्रीमद् भागवत कथा
ग्रेटर नोएडा। रामलाल वृद्ध आश्रम के गौशाला परिसर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा का सातवां दिवस बड़े ही श्रद्धा और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कथा व्यास गोपालाचार्य जी महाराज ने दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और उनके जीवन प्रसंगों का मधुर वर्णन किया।
आज की कथा का मुख्य विषय भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की अमर मित्रता रहा। कथा व्यास ने बताया कि सुदामा जी की दरिद्रता के बावजूद उनकी भक्ति, निष्ठा और सच्ची मित्रता ने भगवान श्रीकृष्ण को प्रभावित किया। इस प्रसंग ने उपस्थित जनसमूह को मित्रता के महत्व और प्रेम व समर्पण की शक्ति का संदेश दिया। कथा में सुभद्रा हरण की लीला का भी वर्णन हुआ, जिसे श्रोताओं ने गहरी आस्था के साथ सुना।
कथा के परीक्षित के रूप में शिव प्रसाद शर्मा, ज्योति शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, राजा रानी, विवेक लाल, सलोनी, भगवती प्रसाद, दिनेश शर्मा, राजेश्वरी, हेमंत, राज गर्ग, धर्मेंद्र बालियान सहित रामलाल वृद्ध आश्रम के वृद्ध माता-पिता और श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भगवान की लीलाओं का वर्णन सुनकर अनेक भक्तों की आंखें भावविभोर होकर नम हो गईं।
