यमुना का बढ़ता जलस्तर: डीएम मेधा रूपम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
गौतमबुद्ध नगर, 2 सितंबर 2025। यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-150, नोएडा में बाढ़ग्रस्त इलाकों और राहत शिविरों का जायजा लिया तथा प्रभावित लोगों से बातचीत की।
डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों से लोगों और पालतू पशुओं को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। प्रभावित नागरिकों को प्रशासन द्वारा बनाए गए शरणालयों में व्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने के साथ ही पशुओं को सुरक्षित ग्रीन बेल्ट में रखने और उनके लिए पर्याप्त चारे व सूखे स्थान की व्यवस्था करने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि शरणालयों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। पशुओं की सुरक्षा और चारे की आपूर्ति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
डीएम ने जानकारी दी कि आज कुल 40 प्रभावित लोगों को, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। साथ ही दर्जनों पालतू पशुओं को भी ग्रीन बेल्ट में स्थानांतरित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो। निरीक्षण के दौरान एसीपी नोएडा, तहसीलदार सदर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
