दिगंबर सिंह को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के सचिव नियुक्त
दादरी, 19 अगस्त 2025
समाजवादी पार्टी से जुड़े दलित युवा नेता दिगंबर सिंह को समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने की, जिन्होंने दिगंबर सिंह की राजनीतिक सक्रियता, सामाजिक प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
एनटीपीसी आंदोलन में निभाई थी अहम भूमिका
एनटीपीसी टाउनशिप स्थित केंद्रीय विद्यालय बंदी के खिलाफ हुए आंदोलन में दिगंबर सिंह ने नेतृत्वकारी भूमिका निभाई थी, जिससे उनकी जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और संगठनात्मक क्षमता उजागर हुई।
पार्टी हाईकमान का जताया आभार
नियुक्ति के बाद दिगंबर सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान देकर जो विश्वास मुझ पर जताया गया है, उस पर मैं पूरी ईमानदारी और निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगा।”
युवाओं को जोड़ने का संकल्प
दिगंबर सिंह ने यह भी कहा कि वे समाजवादी विचारधारा को युवाओं तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
