यमुना प्राधिकरण में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम, विकास की झलक के साथ तिरंगे को दी सलामी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण में 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन देशभक्ति और विकास की उमंग के साथ किया गया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता प्राप्ति में दी गई शहादतों और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्राधिकरण की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी।
विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने 1757 के प्लासी युद्ध से लेकर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और 1947 में स्वतंत्रता प्राप्ति तक के विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने भारत की पिछले 75 वर्षों की उपलब्धियों—स्वास्थ्य, खाद्यान्न, अंतरिक्ष विज्ञान, मानव विकास, निष्पक्ष चुनाव, भारतीय सेना, कंप्यूटर व डिजिटल क्रांति, और विदेशों में भारतीयों की सफलता—को गर्व का विषय बताया। साथ ही जेवर एयरपोर्ट की स्थापना से होने वाले क्षेत्रीय विकास, ईएमसी में लगने वाले इलेक्ट्रॉनिक उद्योग और सेमीकंडक्टर यूनिट फॉक्सकॉन पर भी चर्चा की।
विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने स्वतंत्रता के इतिहास पर विचार रखे, जबकि महाप्रबंधक (वित्त) अशोक कुमार सिंह ने मध्यकालीन से आधुनिक भारत तक के ऐतिहासिक बदलावों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में राकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान देशभक्ति गीत, नृत्य और रंगारंग कार्यक्रमों ने माहौल को भावनाओं और उत्साह से भर दिया।
