ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह, छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर की झांकी से बांधा समां
ग्रेटर नोएडा। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मुख्य समारोह में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगे को नमन किया। इस अवसर पर एसीईओ सुनील कुमार सिंह, श्रीलक्ष्मी वीएस, प्रेरणा सिंह सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्रीवास्तव ने कहा कि देश ने राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त कर ली है, लेकिन अशिक्षा, गरीबी और सामाजिक असमानता के खिलाफ अभी और कार्य करना शेष है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और सामाजिक समरसता की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को भावनात्मक बना दिया। विशेष आकर्षण रहा भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” पर आधारित झांकी, जिसमें छात्राओं ने पहलगाम हमले के बाद सेना के शौर्य को मंचित किया। प्राधिकरणकर्मी की बेटी तितली रानी ने ईमानदारी और मेहनत की प्रेरणा दी।
ऑडिटोरियम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने राष्ट्र नायकों के सपनों को साकार करने का संकल्प दोहराया, जबकि प्रेरणा सिंह ने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और व्यक्तिगत उत्कृष्टता की ओर बढ़ने का संदेश दिया। श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा को “मिनी इंडिया” बताते हुए टीम भावना से कार्य करने की अपील की।
समारोह में सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों ने विकास के पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। ओएसडी अभिषेक पाठक, मुकेश कुमार सिंह, जीएम वित्त विनोद कुमार, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रेनो वेस्ट स्थित कार्यालय में भी एसीईओ सुमित यादव और ओएसडी गुंजा सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान छात्रों ने देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए और वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह सहित स्टाफ ने भागीदारी निभाई।
