जिलाधिकारी ने मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण कर सुविधाओं के सुधार के निर्देश दिए
गौतम बुद्ध नगर, 14 अगस्त 2025 — जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आज मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा का स्थलीय निरीक्षण कर स्टेडियम की सुविधाओं, रखरखाव और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण माहौल का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेल विभाग के वरिष्ठ प्रशिक्षक को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को पर्याप्त खेल उपकरण, मूलभूत सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण हर समय उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खेलकूद प्रोत्साहन समिति के माध्यम से उपकरणों की खरीद, ट्रैक व मैदान की मरम्मत, जिम व कोर्ट की देखभाल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और खेल सामग्री के नियमित रखरखाव को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ प्रशिक्षक परवेज अली द्वारा सफाई कर्मियों की कमी की जानकारी दिए जाने पर, जिलाधिकारी ने मौके पर ही जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाई कर्मी उपलब्ध कराने और प्रभागीय वनाधिकारी को परिसर की झाड़ियों की छंटाई व हरित सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
