किसानों के हक में गरजे आप नेता, 17 अगस्त को दादरी में होगी विशाल जनसभा
ग्रेटर नोएडा, 14 अगस्त 2025। ग्रेटर नोएडा स्थित स्वर्ण नगरी प्रेस क्लब में आम आदमी पार्टी किसान प्रकोष्ठ ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष अशोक कमांडो ने घोषणा की कि 17 अगस्त 2025 को दादरी स्थित श्रीराम पैलेस में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से हजारों किसान, नौजवान और आमजन शामिल होंगे। इस सभा में मुख्य अतिथि के रूप में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह किसानों को संबोधित करेंगे।
अशोक कमांडो ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है। धान की रोपाई के समय खाद और बीज की आपूर्ति में भारी अव्यवस्था रही, जिससे किसानों को लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा, कई महिला किसान बेहोश तक हो गईं। बिजली आपूर्ति की समस्या भी विकराल है, जबकि किसानों की मांग 24 घंटे निशुल्क बिजली की है।
प्रदेश महासचिव नीरज छौंकर ‘फौजी’ ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि कच्चे तेल के दाम घटने के बावजूद किसानों और आमजन को महंगे डीज़ल-पेट्रोल के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे साफ है कि भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।
जिला अध्यक्ष राकेश अवाना ने कहा कि किसानों को 2014 के मुआवजा नियम का लाभ आज तक नहीं मिला, न ही 64% बढ़ा हुआ मुआवजा और 10% प्लॉट आवंटन की समस्याओं का समाधान हुआ। गौतम बुद्ध नगर के किसान इन मुद्दों को लेकर बार-बार धरना-प्रदर्शन करते हैं, लेकिन सरकार ने कभी गंभीरता से नहीं सुना।
पार्टी प्रवक्ता राम गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन निर्माण तेजी से चल रहा है और सितंबर के अंत तक मजबूत संगठन तैयार हो जाएगा। इसके बाद पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से उतरेगी।
प्रेस वार्ता में मंडल प्रभारी मो. अजहर, उमंग रोहिल्ला, प्रमोद वास, संदीप भाटी, विनोद नागर, जीतू गुर्जर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। किसान प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
