ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तालड़ा गांव में अतिक्रमण हटाया
ग्रेटर नोएडा, 12 अगस्त 2025 — ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने मंगलवार को अधिसूचित गांव तालड़ा में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन को मुक्त कराया। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर चली इस कार्रवाई में प्राधिकरण ने अवैध रूप से बनाई जा रही कालोनी को ध्वस्त किया। जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये है।
एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी अवश्य लें।
महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि तालड़ा गांव के खसरा संख्या 270, 286 और 292 की जमीन अधिसूचित क्षेत्र में आती है, जहां बिना अनुमति निर्माण नहीं किया जा सकता। सोमवार को जारी नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया, जिसके बाद मंगलवार सुबह 7 बजे से तीन घंटे तक चली कार्रवाई में 5 जेसीबी और 3 डंफरों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। इस अभियान में प्राधिकरण की परियोजना व भूलेख विभाग की टीम और नोएडा पुलिस शामिल रही।
