नेशनल ऑर्गन डोनेशन डे पर जीआईएमएस में आयोजित हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम
100 से अधिक स्टाफ ने लिया अंगदान का संकल्प
ग्रेटर नोएडा स्थित गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (GIMS) में 2 अगस्त को राष्ट्रीय अंगदान दिवस के उपलक्ष्य में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल स्टाफ को देश में अंगों की भारी कमी और उसके कारण प्रतिवर्ष लाखों लोगों की जान जाने की समस्या के बारे में जागरूक किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि भारत में अंग प्रत्यारोपण के लिए जितनी मांग है, उसके अनुपात में अंगों की उपलब्धता अत्यंत सीमित है। विकसित देशों में जहां अधिकांश अंग मृत व्यक्तियों द्वारा दान किए जाते हैं, वहीं भारत में यह अनुपात बहुत कम है। देश में अब भी जीवित व्यक्तियों द्वारा किए गए अंगदान पर ही अधिकतर प्रत्यारोपण निर्भर हैं।
इस अवसर पर संस्थान के 100 से अधिक कर्मचारियों ने अंगदान करने का संकल्प लिया और अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही, समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्थान के निदेशक डॉ. (ब्रिगेडियर) राकेश के. आर. गुप्ता ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृज मोहन, तथा जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अतुल कुमार गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में अंगदान के महत्व को उजागर करना और मृत्युपरांत अंगदान की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।
