शहीदों की रज और जल के साथ निकलेगी ऐतिहासिक “प्रेरणा यात्रा”, “जय हो” संस्था का राष्ट्र प्रेम को समर्पित अनूठा आयोजन
हुसैनीवाला से दादरी तक पहुंचेगा बलिदान का संदेश, 15 अगस्त को होगी पद यात्रा
ग्रेटर नोएडा, 31 जुलाई 2025। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘जय हो’ सामाजिक संस्था एक ऐतिहासिक पहल करने जा रही है। संस्था 14 अगस्त को पंजाब के हुसैनीवाला स्थित शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के समाधि स्थल से उनकी रज और सतलुज नदी का जल लेकर दादरी के 1857 शहीद स्तंभ तक ‘प्रेरणा यात्रा’ निकालेगी। यह पद यात्रा 15 अगस्त की सुबह ग्रेटर नोएडा के लाल कुआ से आरंभ होकर देशभक्ति गीतों और राष्ट्र प्रेम से ओतप्रोत झांकियों के साथ दादरी तक पहुंचेगी।
इस आयोजन की घोषणा संस्था के अध्यक्ष दिनेश भाटी एडवोकेट व संस्थापक संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की। उन्होंने बताया कि यह यात्रा युवाओं को शहीदों की कुर्बानी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देने हेतु आयोजित की जा रही है।
हुसैनीवाला: बलिदान की भूमि से प्रेरणा की यात्रा
कपिल शर्मा ने बताया कि हुसैनीवाला भारत-पाक सीमा पर बसा वह पावन स्थल है, जहां 23 मार्च 1931 को अंग्रेजों द्वारा फांसी दिए गए तीनों महान क्रांतिकारियों का गुप्त रूप से अंतिम संस्कार किया गया था। आज भी उस रज में उनके संघर्ष और बलिदान की स्मृतियां समाहित हैं। संस्था उसी रज और पवित्र सतलुज जल को कलश में भरकर दादरी के शहीद स्थल तक लाएगी।
पद यात्रा में शामिल होंगी झांकियां और हजारों देशभक्त
15 अगस्त की सुबह 8 बजे यात्रा लाल कुआ से शुरू होगी, जिसमें शहीदों की रज से भरे कलश लिए हजारों लोग पैदल दादरी के शहीद स्तंभ तक पद यात्रा करेंगे। मार्ग में देशभक्ति से ओतप्रोत झांकियां, राष्ट्रगान, और रौंगटे खड़े कर देने वाले गीतों के साथ यह यात्रा एक जन-जागरण अभियान का रूप लेगी।
मेरठ में क्रांति धरा को भी किया जाएगा नमन
यात्रा 14 अगस्त की रात मेरठ पहुंचेगी, जहां मंगल पांडे और धन सिंह कोतवाल को श्रद्धांजलि दी जाएगी। यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि देश की क्रांतिकारी विरासत को जोड़ने और युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम बनेगी।
सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों को आमंत्रण
संस्था ने क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, और युवा संगठनों से इस ऐतिहासिक यात्रा में सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया है।
उपस्थित गणमान्य
प्रेस वार्ता के दौरान संस्था के संरक्षक सुधीर वत्स, संयोजक संदीप भाटी, महासचिव परमानंद कौशिक, विशाल नागर एडवोकेट, जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा एडवोकेट, राहुल नागर सहित कई पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
