गौतम बुद्ध नगर में “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” शुरू – न्यायिक दिशा में सुलह का संदेश
गौतम बुद्ध नगर, 24 जुलाई 2025 – माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मलखान सिंह के निर्देशानुसार जनपद गौतम बुद्ध नगर में 1 जुलाई से 30 सितम्बर तक “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और सर्वोच्च न्यायालय की कंसिलीएशन प्रोजेक्ट समिति के मार्गदर्शन में संचालित है।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके विवादों का शीघ्र, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना है। अपर जिला जज/सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंद्र मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि जिला न्यायालय परिसर स्थित मेडिएशन सेंटर को अभियान का केंद्र बनाया गया है, जहां आपसी सहमति से सुलझाए जा सकने वाले मामलों की पहचान और समाधान किया जा रहा है।
चिन्हित मामलों में शामिल हैं:
- वैवाहिक विवाद
- चेक बाउंस
- मोटर वाहन क्षतिपूर्ति दावे
- भूमि अधिग्रहण
- बैंक ऋण वसूली
- किरायेदारी एवं संपत्ति विवाद
- अनुबंध व व्यापारिक मामलों
- श्रम और सेवा संबंधी प्रकरण
01 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक मध्यस्थता योग्य प्रकरणों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनका सुलह आधारित समाधान किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे अपने वादों को आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाना चाहते हैं, तो वे मेडिएशन सेंटर अथवा प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत करें।
यह अभियान नागरिकों के लिए न्याय की आसान, त्वरित और सहयोगात्मक राह खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
