कारगिल युद्ध के अमर नायक शहीद नरेंद्र सिंह भाटी को सैंथली गांव में श्रद्धांजलि सभा के साथ किया गया नमन
ग्रेटर नोएडा, 21 जुलाई 2025 — भारत माता के वीर सपूत, कारगिल युद्ध के अमर नायक शहीद नरेंद्र सिंह भाटी जी को उनकी 26वीं शहादत दिवस पर सैंथली गांव में श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया गया। शहीद स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, गणमान्य जनों और शहीद परिवार ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
21 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में शहीद हुए नरेंद्र भाटी जी ने हिंद–पाक सीमा पर दुश्मनों से डटकर मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके साहस और बलिदान ने गौतम बुद्ध नगर तथा दादरी क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
सैंथली गांव स्थित शहीद स्थल पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन उनके परिजनों द्वारा किया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी, ग्राम प्रधान श्रीपाल भाटी, राजा राव उमराव सिंह के वंशज राव कपिल भाटी, विधवा कल्याण संस्था से सुश्री जुली शर्मा, SBI अधिकारी संगीत भाटी, पुलिस अधिकारी, इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी सहित अनेक ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शहीद की गौरवगाथा को भावपूर्ण शब्दों में याद किया गया और युवाओं को देशभक्ति की प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने विचार साझा किए ।
