गौतमबुद्ध नगर में “नार्कोटिक्स फ्री जिला” अभियान तेज — जिलाधिकारी ने सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश
गौतमबुद्ध नगर, 17 जुलाई 2025
युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में नार्को कोर्डिनेशन सेंटर के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनपद को नशा मुक्त बनाने हेतु समन्वित रणनीति बनाकर ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आरडब्ल्यूए व शिक्षण संस्थानों के सहयोग से जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। सभी स्कूलों, कॉलेजों व छात्रावासों में औचक निरीक्षण कर नशे की गतिविधियों पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाए।
प्रवर्तन कार्रवाई के तहत जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। साथ ही, जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के खिलाफ की जा रही पहल का प्रचार-प्रसार मीडिया के माध्यम से हो ताकि समाज जागरूक हो सके।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी, तंबाकू नियंत्रण प्रभारी, शिक्षा विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने “नार्कोटिक्स फ्री जिला” अभियान को और तीव्र गति से लागू करने का संकल्प लिया।
