केसीसी इंस्टीट्यूट में चतुर्थ दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन, पद्मश्री प्रो. महेश वर्मा ने की अध्यक्षता
ग्रेटर नोएडा, 12 जुलाई 2025 : केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एंड हायर एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा में आज चतुर्थ दीक्षांत समारोह अत्यंत गरिमामय और प्रेरणास्पद वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह केवल डिग्री वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह छात्रों की वर्षों की कड़ी मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान का अवसर भी बना।
समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री प्रो. (डॉ.) महेश वर्मा, कुलपति, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने की। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए शिक्षा को सामाजिक दायित्व से जोड़ने की प्रेरणा दी और कहा कि नैतिक मूल्यों के साथ समाज में योगदान देने का संकल्प ही सच्ची शिक्षा का उद्देश्य है।
इस अवसर पर भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM), अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रबंधन, नेतृत्व कौशल और नवाचार की भूमिका को रेखांकित करते हुए छात्रों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
एक अन्य विशिष्ट वक्ता श्री आर. के. राय, अतिरिक्त विकास आयुक्त, भारत सरकार, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), रहे। उन्होंने अपने संबोधन में MSME क्षेत्र में हो रहे नीतिगत और तकनीकी परिवर्तनों, तकनीकी केंद्र योजनाओं तथा उद्यमिता विकास की दिशा में सरकार की पहलों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
दीक्षांत समारोह में कई अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी शिरकत की, जिनमें श्री बिस्वजीत भट्टाचार्य (आईबीएम इंडिया), श्री विवेक नारायण शर्मा (एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड, सुप्रीम कोर्ट), डॉ. नीलम त्यागी (प्रोफेसर, दिल्ली विश्वविद्यालय), डॉ. उपमा गौतम (प्रोफेसर, यूएसएलएलएस, जीजीएसआईपीयू), श्री सुनील मिर्जा (महाप्रबंधक, हिंदू ग्रुप), श्री प्रदीप बागची (डिप्टी एडिटर, टाइम्स ऑफ इंडिया), प्रो. (डॉ.) ध्रुबज्योति पाटी (निदेशक, इंडिया टुडे मीडिया इंस्टिट्यूट) तथा श्री रजत वधन (सीईओ, एग्रोनेक्स्ट) प्रमुख रहे।
संस्थान के चेयरमैन श्री दीपक गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए समारोह को संस्थान की उपलब्धियों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का प्रतीक बताया।
दीक्षांत समारोह के अंत में डॉ. भावना अग्रवाल के संचालन में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ, जिसमें स्नातक विद्यार्थियों ने जीवन में ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भावना से कार्य करने की प्रतिज्ञा ली।
समारोह ने न केवल शिक्षा की सफलता को दर्शाया, बल्कि यह भी सिद्ध किया कि संस्थान अपने छात्रों को एक सशक्त और जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
