यमुना प्राधिकरण ने एक दिन में लगाए 56,660 पौधे, वृक्षारोपण जन महोत्सव में पार किया लक्ष्य
- “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” थीम पर हुआ आयोजन, जेवर विधायक और सीईओ ने किया शुभारंभ
ग्रेटर नोएडा, 9 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा निर्धारित वर्ष 2025-26 के वृक्षारोपण जन महोत्सव के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” थीम पर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बुधवार को हरा इतिहास रच दिया गया। वर्ष 2025-26 में यमुना प्राधिकरण को 44,100 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन प्राधिकरण ने महज एक दिन में 56,660 पौधे लगाकर न सिर्फ लक्ष्य को पार किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जेवर विधायक ठाकुर धीरेन्द्र सिंह और मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा प्रातः 9:00 बजे सेक्टर-32 स्थित ग्रीन बेल्ट में पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, प्राधिकरण कर्मियों और अधिकारियों का उत्साह देखते ही बना।
नीम, पीपल, गुलमोहर, जामुन, चंपा सहित विविध प्रजातियों का पौधरोपण
एक दिन में संपन्न इस अभियान में नीम, जामुन, पीपल, पिलखन, गुलमोहर, चकरेसिया, बरगद, आम, चम्पा, अशोक, टिकोमा, चांदनी जैसी छायादार और सौंदर्यवर्धक प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिनसे आने वाले वर्षों में क्षेत्र में हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप सिंह, कपिल सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया, शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी नंद किशोर, महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र सिंह भाटी, महाप्रबंधक (वित्त) अशोक कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक (वित्त) आलोक कुमार राय, निदेशक (उद्यान) आनंद मोहन सिंह सहित प्राधिकरण के सभी अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पौधों को सिर्फ लगाने नहीं, बल्कि उनके संरक्षण का संकल्प भी दोहराया। “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” का संदेश पूरे आयोजन का केन्द्रीय बिंदु बना रहा।
यह महाअभियान न केवल सरकारी आंकड़ों की पूर्ति था, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुंदर पर्यावरण सौंपने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।
