फर्जी किसान बनकर जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 18 लाख रुपये फ्रीज, तीन गिरफ्तार
- रबूपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधार-पैन कार्ड से लेकर बैंक खाता तक निकला फर्जी
ग्रेटर नोएडा। थाना रबूपुरा पुलिस ने जमीन हड़पने वाले एक फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह असली किसान बनकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन की रजिस्ट्री कर रहा था। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में जमा करीब 18 लाख रुपये फ्रीज कर दिए हैं।
यह कार्रवाई वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया कि ग्राम फलैदा बांगर की खसरा संख्या 212, खाता संख्या 200, कुल रकबा 0.8170 हेक्टेयर जमीन को फर्जी किसान बनकर हड़प लिया गया।
ऐसे रची गई थी फर्जीवाड़े की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जयकुमार पुत्र देवीराम (निवासी माधवगढी, सिकन्द्राबाद) ने श्यामबाबू (निवासी हजरतपुर, खुर्जा देहात) को फर्जी किसान बनाकर आधार और पैन कार्ड तैयार किया और सहकारी बैंक रबूपुरा में खाता खुलवाया। साथ ही प्रवीन उर्फ बादशाह को फर्जी गवाह बनाया गया।
इस साजिश में संजू, सनी उर्फ छोटू और लखपत उर्फ लखन को भी शामिल किया गया। इन सभी को जमीन की फर्जी रजिस्ट्री में भागीदारी के एवज में 10-10 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।
गिरोह ने 23 और 24 जून 2025 को उक्त भूमि की रजिस्ट्री 9 अलग-अलग लोगों के नाम कर दी।
गिरफ्तारी और बरामदगी
थाना रबूपुरा पुलिस ने 8 जुलाई को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों —
1. प्रवीन कुमार उर्फ बादशाह (38 वर्ष), 2. श्यामबाबू (45 वर्ष), 3. जयकुमार (37 वर्ष) को फलैंदा बागर से धनपुरा जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया।
इनके पास से जुड़े खातों में जमा करीब 18 लाख रुपये फ्रीज कर लिए गए हैं।
पंजीकृत धाराएं और आपराधिक मामला
प्रकरण में थाना रबूपुरा पर मु0अ0सं0 147/25 धारा 318(4)/338/336(3)/340(2)/61(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया भी जारी है।
यह कार्रवाई न केवल एक बड़े फर्जीवाड़े को उजागर करती है बल्कि यह भी दर्शाती है कि गिरोह किस हद तक जाकर भोले किसानों की जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं।
