कांग्रेस कार्यालय में महिला शक्ति की गूंज: भारती त्यागी के दौरे पर कार्यकर्ताओं में जोश
ग्रेटर नोएडा, 23 जून 2025:
गौतमबुद्ध नगर जिला कांग्रेस कार्यालय में आज महिला कांग्रेस की प्रांतीय अध्यक्ष भारती त्यागी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारती त्यागी ने कहा, “कांग्रेस एक छतरी है और सभी अग्रिम संगठनों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।” उन्होंने पार्टी में महिलाओं की भूमिका को और मज़बूत करने की अपील करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा सशक्त महिलाओं को संगठन में जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा, “महिलाओं का राजनीतिक और सामाजिक योगदान अतुलनीय है और उनका सशक्तिकरण हर कार्यकर्ता की प्राथमिकता होनी चाहिए।”
जिला उपाध्यक्ष निशा शर्मा और महासचिव कल्पना सिंह ने भी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न संगठनों में समन्वय की दिशा में चल रहे प्रयासों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और महिला सशक्तिकरण को गति देने का संकल्प दोहराया।
