योग दिवस से बलिदान दिवस तक राष्ट्रनिष्ठ अभियानों की श्रृंखला: भाजपा गौतमबुद्धनगर ने तय की रणनीति, कार्यकर्ता बनाएंगे जनआंदोलन
ग्रेटर नोएडा। भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्धनगर द्वारा शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से ज़िला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी 21 जून योग दिवस, 23 जून बलिदान दिवस (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी) और 25 जून आपातकाल स्मृति दिवस को लेकर संगठनात्मक रणनीति बनाई गई।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोषवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता योग दिवस से लेकर डॉ. मुखर्जी की जयंती (6 जुलाई) तक उनके विचारों व राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि हर मंडल और बूथ पर गोष्ठियों, संवाद कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियानों का आयोजन होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि 21 जून को सभी कार्यकर्ता योग दिवस में सक्रिय सहभागिता निभाएं और 23 जून को बलिदान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम कर डॉ. मुखर्जी के जीवन पर आधारित चर्चा करें। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि 25 जून को आपातकाल की बरसी पर टाउनहॉल बैठक का आयोजन भाजपा कार्यालय पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह अभियान केवल संगठनात्मक कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसे जनआंदोलन का स्वरूप देना है।”
बैठक में जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, धर्मेंद्र कोरी, मनोज गर्ग, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, गुरुदेव भाटी, चंद्रमणि भारद्वाज, वरुण धीमान, राजीव सिंघल, अर्पित तिवारी, मनोज भाटी, मुकेश चौहान, संजय भाटी, धीर राणा और सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
