“योग से स्वास्थ्य की ओर कदम”: सूरजपुर विकास भवन में संपन्न हुआ योग सप्ताह का पंचम दिन
गौतम बुद्ध नगर, 19 जून 2025।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” पर आधारित योग सप्ताह 15 जून से 21 जून 2025 तक पूरे जिले में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को योग सप्ताह के पांचवें दिन सूरजपुर स्थित विकास भवन प्रांगण में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शिवराज सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी प्रीति सिंघल, आयुष विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न योग संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षकों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया गया। साथ ही, योग के लाभों पर संवाद के माध्यम से जागरूकता भी फैलाई गई। कार्यक्रम के बाद योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विकास भवन से एक पदयात्रा भी निकाली गई, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार केम ने जानकारी दी कि 20 जून 2025 को प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, कामकाजी महिलाओं और प्रौढ़ महिलाओं के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही डीएलएफ मॉल में भी योग अभ्यास कराया जाएगा।
योग सप्ताह का यह आयोजन स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है, जो सभी वर्गों को योग से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
