जनसभा में उमड़ा जनसैलाब: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने गिनाईं केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियां
- आकिलपुर गांव में जनसभा को किया संबोधित, हजारों की भीड़ रही मौजूद, आयुष्मान कार्ड भी वितरित
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को दादरी विधानसभा के ग्राम आकिलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में हजारों की संख्या में ग्रामीण व पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए और अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान चलाकर और अधिक लोगों के कार्ड बनवाए जाएं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि “2014 से पहले देश निराशा में डूबा हुआ था, भ्रष्टाचार और घोटालों में जकड़ा था। पर जब देशवासियों ने कमल का बटन दबाकर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया, तभी से भारत ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ।” उन्होंने बताया कि भारत पहले विश्व की 13वीं अर्थव्यवस्था था, आज चौथी बन चुका है और 2027 तक तीसरी बनने की ओर अग्रसर है।
उन्होंने धारा 370 हटाने, महिलाओं को 33% आरक्षण, स्वच्छता अभियान, शौचालय निर्माण, आवास योजना, किसान सम्मान निधि जैसे कार्यों को मोदी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवादियों को सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से करारा जवाब दिया है।
डिप्टी सीएम ने मंच से घोषणा की कि कोई भी व्यक्ति बिना इलाज के न रहे, इसके लिए अधिकारी आयुष्मान कार्ड बनवाने का विशेष अभियान चलाएं।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशोदिया ने कहा कि मोदी और योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने जेवर एयरपोर्ट और खुर्जा पावर प्लांट का जिक्र करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में 24 घंटे बिजली मिलेगी और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। विधायक मास्टर तेजपाल नागर ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
सभा को एमएलसी श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेन्द्र भाटी, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
सभा में प्रमुख रूप से क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मान सिंह गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष देवा भाटी, सतेन्द्र नागर, जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कोरी, राकेश राणा, गीता पंडित, मनोज शिशोदिया, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, दीपक नागर, वीरेन्द्र भाटी, विमल पुंडीर, मनोज चौधरी, संजय चैची, हरेन्द्र नागर, धीर राणा, राजीव सिंघल, सांसद प्रतिनिधि बलराज भाटी, अर्पित तिवारी, संगीता रावल, पंकज रावल, विजय रावल, महेंद्र नागर, अरुण शर्मा, अमन कौशिक, अनुज कुमार, अरुण यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सभा के दौरान जोश और उत्साह देखने लायक था। पूरा क्षेत्र ‘मोदी-योगी’ के नारों से गूंज उठा।
