ग्रेनो वेस्ट को मिली बुनियादी सुविधाओं की सौगात: एसीईओ प्रेरणा सिंह ने निरीक्षण कर कई परियोजनाओं को दी मंज़ूरी
- गौड़ सिटी, इटैडा में एफओबी को मंजूरी, सेक्टर-1 की सड़कों, सीवर लाइन और अंडरपास निर्माण का लिया जायजा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने मंगलवार को ग्रेनो वेस्ट का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति जानी और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को हरी झंडी दी। दौरे के दौरान उन्होंने गौड़ सिटी-1 और 2 के बीच तथा इटैड़ा गोलचक्कर के पास फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने को स्वीकृति दी। इसके अलावा खजूर चौक के निकट यूटर्न निर्माण को मंजूरी देते हुए सर्विस रोड को चौड़ा करने के निर्देश दिए गए।
एसीईओ ने सेक्टर-1 में 24 मीटर की प्रस्तावित रोड और निर्माणाधीन 80 मीटर रोड (जो 60 मीटर रोड को 130 मीटर रोड से जोड़ेगी) का निरीक्षण किया और कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने गौड़ चौक पर बन रहे अंडरपास की प्रगति भी देखी और सीवर, बिजली, गैस जैसी लाइनों को शीघ्र शिफ्ट कर निर्माण में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसीईओ सबसे पहले इकोटेक-3 पहुंचीं। उन्होंने सेक्टर-1 स्थित एमपीएस से 20 एमएलडी एसटीपी तक बनाई जा रही सीवर लाइन का जायजा लिया और कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस सीवर लाइन के पूरा होने के बाद सेक्टर-1 के क्षेत्रों का सीवर इकोटेक-3 स्थित एसटीपी से शोधित किया जा सकेगा। एसीईओ ने एसटीपी से निकलने वाले स्लज के निस्तारण और ग्रीन एनर्जी के विकल्प तलाशने पर भी जोर दिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंशा है कि ग्रेनो वेस्ट को स्मार्ट और सुविधाजनक शहर बनाया जाए, जिसके तहत जल, सीवर, सड़क, हरियाली और कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं पर युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। एसीईओ प्रेरणा सिंह द्वारा किया गया यह निरीक्षण इसी दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सीवर विनोद शर्मा, वर्क सर्किल-1 प्रभारी प्रभात शंकर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
