ग्रेटर नोएडा में एक्सपायरी शराब-बीयर का बड़ा खेल पकड़ा गया, नकली स्टिकर लगाकर हजारों बोतलें बेच रहा था आरोपी, पुलिस-आबकारी की संयुक्त रेड में खुलासा
ग्रेटर नोएडा, 16 जून।
ग्रेटर नोएडा के बिसरख इलाके में एक्सपायरी शराब और बीयर को नकली स्टिकर लगाकर बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। बिसरख थाना पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त छापेमारी में यह खुलासा हुआ है। मौके से भारी मात्रा में शराब, बीयर और फर्जी स्टिकर बरामद हुए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गोदाम से मिली एक्सपायरी शराब-बीयर की बड़ी खेप
छापेमारी सेक्टर-3 के सी-429 नंबर के मकान में बने आवासीय गोदाम पर की गई। यहां से पुलिस को 435 बोतल अंग्रेजी शराब, 1911 पेटी बीयर (लगभग 45,855 बोतलें/कैन) और 56 फर्जी स्टिकर मिले। इनमें से अधिकतर बोतलों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी, जिन्हें आरोपी नए फर्जी स्टिकर लगाकर दोबारा बेच रहा था।
ऐसे करता था फर्जीवाड़ा
गिरफ्तार आरोपी सचिन कुमार जायसवाल, जो अयोध्या का रहने वाला है, ने बताया कि वह 2024-25 की बची हुई एक्सपायरी शराब और बीयर को सस्ते दामों में खरीदता था। इसके बाद वह खुद ही उन पर 2025-26 के फर्जी स्टिकर चिपकाकर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचता था।
मुकदमा दर्ज, टीम को मिली सफलता
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिसरख में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक अभिनव शाही, आशीष पांडेय, उपनिरीक्षक अजय सिंह, और पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
पुलिस और आबकारी विभाग ने कहा है कि शराब में फर्जीवाड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनता से भी अपील की गई है कि इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
