एक पेड़ “मां” के नाम, वृक्षारोपण अभियान बनेगा जनआंदोलन: ADM ने दिए सख्त निर्देश
- गड्ढा खुदाई से लेकर प्रचार-प्रसार तक विभागों को मिली सख्त जिम्मेदारी, वेटलैंड व गंगा संरक्षण पर भी हुआ मंथन
ग्रेटर नोएडा, 13 जून 2025
पर्यावरण सुरक्षा और वृक्षारोपण को लेकर गौतम बुद्ध नगर प्रशासन अब सख्त और योजनाबद्ध अंदाज में आगे बढ़ रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में आज अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में पर्यावरण, वृक्षारोपण, गंगा एवं वेटलैंड समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
ADM अतुल कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगामी वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्य न मानते हुए एक जनआंदोलन का स्वरूप देना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने लक्ष्य अनुसार स्थलों का चयन, गड्ढा खुदाई और कार्ययोजना की जानकारी शीघ्र वन विभाग को उपलब्ध कराएं। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
“एक पेड़ मां के नाम” थीम बनेगी अभियान की आत्मा
प्रभागीय वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “एक पेड़ मां के नाम” थीम को केंद्र में रखकर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन, स्कूलों, आरडब्ल्यूए, एनजीओ, औद्योगिक इकाइयों और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। सभी को पौधारोपण करते हुए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए ताकि जिले को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान दिलाया जा सके।
हिंडन नदी व तालाबों के किनारे भी होंगे पौधारोपण
ADM ने सभी एसडीएम को वर्चुअल माध्यम से निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में हिंडन नदी, तालाबों व डूब क्षेत्रों के पास स्थलों का चयन कर वहां वृक्षारोपण की कार्यवाही शुरू करें। रिपोर्ट शीघ्र वन विभाग को सौंपी जाए।
स्कूली बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान में स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी हो, जिससे वे पर्यावरण को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकें।
वायु प्रदूषण, कूड़ा जलाना और ओवरलोडिंग पर सख्त निर्देश
पर्यावरण समिति की समीक्षा करते हुए ADM ने निर्माण सामग्री के खुले परिवहन व कूड़ा जलाने की घटनाओं पर सख्त प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। सभी संबंधित विभागों को संयुक्त टीम बनाकर प्रभावी अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही प्राधिकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को एनजीटी के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
गंगा और वेटलैंड के संरक्षण पर विशेष फोकस
ADM ने जिला गंगा समिति की समीक्षा करते हुए हिंडन और यमुना मैदानों में अवैध निर्माण व अतिक्रमण रोकने के लिए निरंतर निरीक्षण की बात कही। उन्होंने डूब क्षेत्र में चेतावनी वाले होर्डिंग लगाने और फाइटोरेमेडियेशन टेक्नोलॉजी के जरिए अनटैप्ड ड्रेन्स के उपचार की कार्यवाही के निर्देश दिए।
वहीं वेटलैंड समिति की समीक्षा के दौरान अतिक्रमित तालाबों को मिटीगेशन में शामिल करने और वेटलैंड पुनर्जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाने पर बल दिया गया।
उपस्थित रहे अधिकारी
इस बैठक में प्रभागीय वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक, प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारीगण, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
