लॉयड ग्रुप (फार्मेसी) में बी.फार्मा 2021–2025 बैच को दी गई भावभीनी विदाई, रंगारंग प्रस्तुतियों ने रचा यादों का संगम
ग्रेटर नोएडा।
लॉयड ग्रुप (फार्मेसी) परिसर बुधवार को एक भावुक और उल्लासपूर्ण विदाई समारोह का साक्षी बना, जहाँ बी.फार्मा अंतिम वर्ष (2021–2025 बैच) के छात्र-छात्राओं को शानदारी और आत्मीयता के साथ अलविदा कहा गया। इस मौके पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्रबंधन ने मिलकर चार वर्षों के सफर को यादगार बनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत नृत्य से हुई, जिसने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद एक के बाद एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ हुईं — ग्रुप डांस, डुएट, और सोलो परफॉर्मेंस ने मंच को संगीतमय और जीवंत बना दिया।
समारोह की मुख्य अतिथि लॉयड ग्रुप की ग्रुप डायरेक्टर एवं चीफ स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी ने विद्यार्थियों को प्रेरणास्पद संबोधन देते हुए कहा,
“आप केवल फार्मासिस्ट नहीं, बल्कि मानवता के सच्चे प्रहरी हैं। आपकी सेवा भावना और ज्ञान ही समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाएगा। इस पेशे को एक मिशन की तरह अपनाएँ और एक अच्छे इंसान बनने की ओर अग्रसर रहें।”
उन्होंने आगे कहा, “विदाई अंत नहीं, नए आरंभ का संकेत है। चुनौतियाँ आएंगी, लेकिन वे ही आपको निखारेंगी। संस्थान हमेशा आपके साथ खड़ा रहेगा।”
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे:
लकी ड्रॉ प्रतियोगिता, रैंप वॉक, टैलेंट राउंड, क्वेश्चन-आंसर राउंड, जिन्होंने छात्रों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को मंच दिया।
छात्रों को दी गई विशेष उपाधियाँ इस प्रकार रहीं:
मिस्टर फेयरवेल – कुमार रोहित, मिस फेयरवेल – महिका, मिस्टर करिश्मा – विवेक, मिस दीवा – शिल्पी, मिस्टर टैलेंट – उदित, मिस टैलेंट – अंकिता
तीन लकी ड्रॉ में विजयी विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समापन अंतिम वर्ष के छात्रों द्वारा साझा किए गए अनुभवों और शिक्षकों के प्रति आभार अभिव्यक्ति के साथ हुआ, जिसने माहौल को भावुक बना दिया। किसी की आँखें नम थीं, तो कोई भविष्य की उड़ान भरने को उत्साहित।
यह विदाई समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लॉयड ग्रुप के छात्रों की यादों का वह खूबसूरत अध्याय था, जहाँ से वे नए सपनों और उम्मीदों के साथ जीवन की अगली यात्रा पर निकल पड़े।
