भाजपा जिला कार्यालय में संगठनात्मक बैठक संपन्न, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय
- 11 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता
ग्रेटर नोएडा, 9 जून 2025।
भाजपा जिला कार्यालय तिलपता गोलचक्कर पर आज जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य भाजपा संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “गांव-गांव संकल्प चौपाल” का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने का कार्य किया जाएगा और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण के तहत 21 जून योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम और वृक्षारोपण किया जाएगा।
23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय पर संगोष्ठी का आयोजन होगा।
25 जून को आपातकाल दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
29 जून को प्रत्येक बूथ पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई जाएगी, साथ ही हर बूथ पर 10 पौधे लगाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने की योजना है। इसके अतिरिक्त बूथ स्तर पर बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक के अवसर पर जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र नागर, वीरेंद्र भाटी, जिला मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, मंडल प्रभारी इंद्र नागर, जिला मंत्री विकास चौधरी, अर्पित तिवारी, अखिलेश नागर, विजय गौतम सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
