मायचा गांव के किसानों को लीजबैक में राहत की उम्मीद, प्राधिकरण ने 26 प्रकरणों पर की सुनवाई
ग्रेटर नोएडा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा किसानों के लीजबैक मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को मायचा गांव के किसानों से जुड़े कुल 26 मामलों पर सुनवाई की गई। यह सुनवाई प्राधिकरण के ओएसडी गिरीश कुमार झा, ओएसडी जितेंद्र गौतम और ओएसडी राम नयन सिंह की उपस्थिति में हुई, जिसमें किसानों से जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य प्राप्त किए गए।
ओएसडी भूलेख गिरीश कुमार झा ने जानकारी दी कि किसानों की लंबे समय से उठ रही मांगों को देखते हुए प्राधिकरण ने आबादी व्यवस्थापन समिति का गठन किया है, जो लीजबैक के मामलों की ग्रामवार सुनवाई कर रही है। यह सुनवाई 24 मार्च से शुरू हुई थी और तय कार्यक्रम के अनुसार गांवों के अनुसार मामले निस्तारित किए जा रहे हैं।
इस प्रक्रिया से मायचा गांव के किसानों में आशा जगी है कि उन्हें उनके आवासीय अधिकार जल्द मिल सकते हैं। प्राधिकरण की यह पहल गांववासियों को कानूनी राहत और स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
