PATA 2025 में उत्तर प्रदेश की भव्य भागीदारी: बैंकॉक में दिखेगी सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की चमक
लखनऊ, 6 जून 2025।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक मंच पर लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। पर्यटन विभाग 26 से 28 अगस्त 2025 तक बैंकॉक में होने वाले PATA (Pacific Asia Travel Association) इंटरनेशनल ट्रैवल इवेंट में हिस्सा लेगा। इस दौरान यूपी की बौद्ध, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की भव्य झलक पेश की जाएगी।
इस आयोजन में यूपी का 36 वर्ग मीटर का शानदार स्टॉल होगा, जहां सारनाथ, कुशीनगर, अयोध्या, वाराणसी और महाकुंभ जैसे स्थलों को डिजिटल और एआर तकनीक के जरिए दिखाया जाएगा। साथ ही आगंतुक उत्तर प्रदेश की खूबसूरत जगहों की पृष्ठभूमि में सेल्फी भी ले सकेंगे। पर्यटन के साथ-साथ निवेश को बढ़ावा देने के लिए रोड शो, कार्यशालाएं और सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक इंटरनेशनल स्टेकहोल्डर्स हिस्सा लेंगे।
योगी सरकार ने प्रचार-प्रसार के लिए थाईलैंड में टीवी, रेडियो, एयरपोर्ट्स और मॉल्स पर डिजिटल ब्रांडिंग की योजना बनाई है। इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को एक विश्व स्तरीय टूरिस्ट और इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है। ‘उत्तर प्रदेश: अनंत संभावनाओं की भूमि’ के विजन के तहत यह भागीदारी राज्य की अर्थव्यवस्था को नया आयाम देगी और यूपी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगी।
