विश्व पर्यावरण दिवस पर यमुना प्राधिकरण ने किया वृक्षारोपण, 1.30 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
- सेक्टर-18 के पार्क में अधिकारियों और ग्रामीणों ने लगाए चकरेसिया, मोलश्री, चंपा और अशोक के पौधे
ग्रेटर नोएडा, 5 जून।
विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के अवसर पर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा सेक्टर-18 स्थित पॉकेट 3डी के पार्क में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप सिंह, कपिल सिंह और विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त) विशम्बर बाबू, महाप्रबंधक (परियोजना) राजेन्द्र भाटी, निदेशक (उद्यान) आनन्द मोहन सिंह, उपमहाप्रबंधक (कार्मिक) वीरेन्द्र सिंह सहित प्राधिकरण के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण के तहत चकरेसिया, मोलश्री, चंपा और अशोक जैसी छायादार और पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान यमुना प्राधिकरण द्वारा लगभग 1.30 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत विभिन्न सेक्टरों और क्षेत्रों में चरणबद्ध ढंग से पौधरोपण किया जाएगा।
पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और हरियाली बढ़ाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।