मोमोज से फूड प्वाइजनिंग: एक ही परिवार के 4 लोग अस्पताल में भर्ती, बिना लाइसेंस दुकान पर गिरी गाज
ग्रेटर नोएडा, अल्फा कमर्शियल बेल्ट की एक दुकान से खरीदे मोमोज खाने के बाद सेक्टर ज़्यू-2 निवासी विनय कसाना का परिवार बीमार हो गया। घटना 25 मई की है। विनय कसाना अपनी बहन दीपिका, पत्नी पारुल और मां मुनिता के लिए मोमोज लेकर घर लौटे। मोमोज खाने के कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, दस्त और तेज बुखार ने घेर लिया। हालत बिगड़ने पर चारों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने मामले को फूड प्वाइजनिंग बताया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला खाद्य विभाग हरकत में आया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इब्दुल्ला मौके पर पहुंचे और मोमोज व चटनी के सैंपल लिए। शुरुआती जांच में सामने आया कि दुकान के पास कोई खाद्य लाइसेंस नहीं है। सैंपल लैब जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर दुकानदार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस दुकान चलाने के लिए भी नोटिस जारी किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि खाने-पीने की चीजें खरीदते समय दुकानों के लाइसेंस की जांच जरूर करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
