भोला रावल के प्राचीन मंदिर व तालाब का होगा जीर्णोद्धार, टूरिस्ट स्पॉट के रूप में होगा विकास
ग्रेटर नोएडा, 29 मई।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बृहस्पतिवार को गांव भनौता, 60 मीटर रोड और भोला रावल गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
भनौता गांव में एसीईओ ने श्मशान घाट निर्माण का निरीक्षण किया और वहां शेड लगाने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा उन्होंने गांव के अन्य विकास कार्यों की स्थिति भी देखी।
भ्रमण के दौरान एसीईओ ने ईकोटेक-16 में प्रस्तावित 80 मीटर, 60 मीटर और 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निरीक्षण किया। इन सड़कों के निर्माण के लिए प्राधिकरण के सीईओ से स्वीकृति मिल चुकी है और वर्तमान में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
इसके बाद एसीईओ प्रेरणा सिंह ने भोला रावल गांव का दौरा किया, जहां उन्होंने वहां के प्राचीन मंदिर और तालाब के जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस स्थल को टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे न केवल गांव का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि यहां की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
भ्रमण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव, प्रबंधक स्वतंत्र कुमार, सहायक प्रबंधक नरेश गुप्ता सहित वर्क सर्किल दो का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। स्थानीय लोगों में एसीईओ के दौरे से उत्साह है, क्योंकि इससे गांव के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
