ग्रेटर नोएडा में IIA चैप्टर ने की औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड करने की मांग, कहा — इससे उद्योगों को मिलेगा नया बढ़ावा
ग्रेटर नोएडा, 28 मई 2025 — इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) ग्रेटर नोएडा चैप्टर ने बुधवार को एक प्रेस वार्ता आयोजित कर उत्तर प्रदेश में लीज होल्ड औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड करने की मांग उठाई। IIA पदाधिकारियों ने कहा कि जैसे हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और तमिलनाडु में यह नीति पहले से लागू है, वैसे ही यूपी में भी इसे लागू किया जाना चाहिए ताकि राज्य में औद्योगिक विकास को रफ्तार मिले और सरकार की राजस्व आमदनी भी बढ़े।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में केवल एक हेक्टेयर या उससे बड़े भूखंडों को फ्री होल्ड करने की नीति है, जिससे एमएसएमई सेक्टर के छोटे उद्योगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा। लीज होल्ड व्यवस्था के चलते उद्यमियों को अपने उद्योग में छोटे-छोटे बदलावों के लिए भी यूपीसीडा या उद्योग निदेशालय से मंजूरी लेनी पड़ती है, जिससे समय की बर्बादी होती है और कई बार भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता है।
IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन राकेश बंसल ने कहा, “अगर उत्तर प्रदेश में भी यह नीति लागू की जाती है, तो औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और सरकार के 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।”
उद्यमी जेएस राणा ने कहा कि जब उद्योगों ने पहले ही भूखंड का मूल्य, डेवलपमेंट चार्ज और अन्य प्रीमियम चुका दिया है, तो उन्हें मालिकाना हक मिलना न्यायसंगत है। इस अवसर पर यश राज, विशारद गौतम, सरबजीत सिंह, अमित शर्मा, जगदीश अधाना और नवीन कुमार गुप्ता समेत कई उद्यमी मौजूद रहे।
