जहांगीरपुर में गूंजे खाटूश्याम संकीर्तन के भजन, गायिका भावना सिंह ने हनुमान को रिझाया
जहांगीरपुर (कृष्णा वत्स)। शुक्रवार रात जनता अनाज मंडी, जहांगीरपुर में आयोजित एकादशी विशेष श्री खाटूश्याम संकीर्तन कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह आयोजन श्री श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर दिव्य संकीर्तन का आनंद उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीपक गर्ग ने परिवार सहित विधिवत पूजा-अर्चना से की। इसके पश्चात पंछी एंड पार्टी के संचालक अमित वर्मा ने बाबा श्री खाटूश्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित कर संकीर्तन का शुभारंभ किया। संकीर्तन का आगाज गणेश वंदना के साथ गायक संजू राजवंश और अमित वर्मा ने किया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं भजन गायिका भावना सिंह, जिन्होंने बाबा खाटूश्याम की महिमा का गुणगान करने से पहले “बालाजी महाराज को वीर हनुमाना, अति बलवाना” और “राम नाम राटियो रे” जैसे भावपूर्ण भजनों से श्री हनुमान जी को रिझाया। उनके मधुर स्वरों और भक्तिपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया, पूरा पंडाल भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
रात 12 बजे बाबा श्री खाटूश्याम को भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में अंशुल मंगला, राहुल अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, टिल्लू गर्ग, शालू अग्रवाल, मोनू गोयल, विवेक कुमार, नवीन अग्रवाल, महेश प्रधान, मुकेश तायल, ब्रजेश गुप्ता, राजू गर्ग, सुमनलता देवी, निशा गर्ग, प्राची, साक्षी, विनीता, तनु प्रिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भजन संध्या का भरपूर आनंद लिया।
भक्तों का उत्साह और समर्पण इस बात का प्रतीक था कि जहांगीरपुर की धार्मिक परंपराएं आज भी उतनी ही जीवंत और प्रभावशाली हैं। आयोजकों ने भविष्य में और भी भव्य कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।
