ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
- तीन ट्रैक्टर, एक बाइक, वेगनआर कार और तमंचा बरामद
ग्रेटर नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से तीन ट्रैक्टर, एक मोटरसाइकिल, एक वेगनआर कार और एक तमंचा बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन कश्यप, दीपक उर्फ दीपा और सर्वेश के रूप में हुई है। सभी को सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया गया।
नर्सरी से चोरी हुए थे ट्रैक्टर
थाना क्षेत्र में 25/26 अप्रैल 2025 की रात को सेक्टर-60 स्थित नर्सरी से दो ट्रैक्टर चोरी किए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-58 में FIR संख्या 158/2025 दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया।
जेल में बनी योजना, किसानों को बेचते थे चोरी के ट्रैक्टर
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उनकी आपस में मुलाकात जेल में हुई थी, जहां इन्होंने वाहन चोरी की योजना बनाई थी। वे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल चोरी कर इंजन व चेसिस नंबर टेम्पर कर किसानों को बेच देते थे। अभियुक्तों ने सेक्टर-61 से मोटरसाइकिल और थाना बिसरख क्षेत्र से एक अन्य ट्रैक्टर भी चोरी किया था, जिन्हें वे बेचने की तैयारी कर रहे थे।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खौफनाक
मुख्य अभियुक्त दीपक पर हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 19 मामले दर्ज हैं। वहीं सर्वेश पर भी कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। सचिन का नाम भी तीन मामलों में दर्ज है।
बरामद सामान में शामिल हैं:
मोटरसाइकिल (UP16EM2420)
तीन ट्रैक्टर
घटना में प्रयुक्त वेगनआर कार (UP83DT6816)
एक अवैध तमंचा
गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल अधिकारी:
प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक जयदीप मलिक, विशाल कुमार, रोहित कुमार, सर्विलांस सेल के हैड कांस्टेबल विपुल कुमार, प्रमेन्द्र कुमार, अमित कुमार, भूपेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल सचिन कुमार व मोहित कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
