शारदा विश्वविद्यालय में गूंजी ताइक्वांडो की गूंज: 600 से ज्यादा खिलाड़ियों ने दिखाया दम
6वीं इंटर डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, युवाओं में दिखा जोश और जुनून
ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय, नॉलेज पार्क स्थित कैंपस में रविवार को ताइक्वांडो की प्रतिभाएं पूरे जोश से उभरीं, जब गौतम बुद्ध नगर जिला ताइक्वांडो संघ द्वारा 6वीं इंटर डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों, अकादमियों और विश्वविद्यालयों से आए करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
चैंपियनशिप का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के डीन डॉ प्रमोद कुमार, खेल निदेशक डॉ कपिल दवे और अंतरराष्ट्रीय रेफरी सुमित चक्रवर्ती ने किया। उद्घाटन समारोह में खेल भावना और आत्मरक्षा के महत्व को रेखांकित किया गया।
डॉ प्रमोद कुमार ने कहा, “ताइक्वांडो आज की आवश्यकता बन चुका है। यह न सिर्फ एक खेल है बल्कि आत्मरक्षा का प्रभावी माध्यम भी है, जिसे हर किसी को सीखना चाहिए।”
शारदा विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी एवं आयोजन अध्यक्ष रिशांक अग्रवाल ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के मंच युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला ताइक्वांडो संघ की अहम भूमिका रही।
