ऑपरेशन सिंदूर की गूंज के साथ ग्रेटर नोएडा में निकली भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, सैकड़ों लोग हुए शामिल
भाजपा जेवर विधानसभा ने सेना के शौर्य को किया नमन, कासना में लहराया देशभक्ति का ज्वार
ग्रेटर नोएडा, 20 मई 2025 — “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जेवर विधानसभा द्वारा मंगलवार को कासना में भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। निहाल सत्ती देवी मंदिर से प्रारंभ होकर यह यात्रा कासना के मुख्य बाज़ार से होती हुई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंची। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में देशभक्तों ने भाग लिया।
यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य नरेंद्र सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, रबूपुरा मंडल अध्यक्ष शशांक सिंह और पूर्व मंत्री हरिचंद भाटी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान के मंसूबों को चकनाचूर कर दिया है। जो भी भारत की ओर आँख उठाएगा, उसका हश्र ऐसा ही होगा।” वहीं जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारा है। इससे पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है।”
जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी ने इस यात्रा को देशभक्ति, एकता और संगठन के प्रति लोगों में विश्वास जगाने वाला बताया।
यात्रा में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष और तिरंगा यात्रा के संयोजक राज नागर के नेतृत्व में युवाओं व बच्चों ने पूरे जोश और जुनून के साथ हिस्सा लिया। “भारत माता की जय”, “पाकिस्तान मुर्दाबाद” और “सेना के सम्मान में, हर भारतीय मैदान में” जैसे नारों से पूरा कासना गूंज उठा।
इस आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, नगर चेयरमैन, महिला कार्यकर्ता और हजारों स्थानीय नागरिक शामिल रहे।
देशभक्ति के रंग में रंगी यह यात्रा कासना के इतिहास में एक यादगार क्षण बन गई।
