AKTU के शिक्षक बनेंगे AI एक्सपर्ट: पांच दिवसीय FEP प्रोग्राम की कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने की शुरुआत
लखनऊ, 19 मई 2025:
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में तकनीकी शिक्षा को नए आयाम देने की दिशा में एक और पहल की गई है। विश्वविद्यालय में इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड के सहयोग से पांच दिवसीय फैकल्टी इनैबलमेंट प्रोग्राम (FEP) का आयोजन किया गया है, जिसका शुभारंभ सोमवार को माननीय कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम “Professional Skills and Application of AI in Education” विषय पर आधारित है, जिसमें शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ChatGPT और OpenAI जैसे टूल्स के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को AI-सक्षम बनाना है, ताकि वे अपनी कक्षाओं में इन तकनीकों का उपयोग कर छात्रों को ज्यादा स्किल्ड और इंडस्ट्री-रेडी बना सकें।
“AI को अपनाना समय की मांग” – कुलपति प्रो. जे.पी. पाण्डेय
प्रो. पाण्डेय ने कहा कि आज AI अपने तीसरे चरण में पहुंच चुका है, लेकिन हमारे अधिकांश शिक्षक अभी पहले चरण को भी पूरी तरह नहीं अपना पाए हैं। उन्होंने चेताया कि यदि शिक्षक तकनीक से दूरी बनाए रखेंगे, तो वे प्रासंगिकता खो देंगे। उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विश्वगुरु बनाने के लिए तकनीकी दक्षता अनिवार्य है और इस दिशा में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
Infosys Springboard देगा तकनीकी ट्रेनिंग
इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड के हेड अनंतपुरा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऊर्जा और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उसे सही दिशा देने की। कंपनी शिक्षकों को नई तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए हमेशा तत्पर है।
छात्रों को भी मिलेगा लाभ
प्रो. नीलम श्रीवास्तव, डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से न केवल शिक्षकों को नया दृष्टिकोण मिलेगा, बल्कि छात्रों को भी आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
डिंपल भसीन, नेहा और वायुनंदन त्रिपाठी इस FEP के प्रमुख प्रशिक्षक हैं। कार्यक्रम में प्रभा शुक्ला, शिशिर द्विवेदी सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
