डीएम ऑफिस में नहीं लगी भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की तस्वीर, राष्ट्रीय जाट महासभा भारत ने दी चेतावनी
- एक माह में तस्वीर नहीं लगी तो होगा आंदोलन
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जहाँ कई महापुरुषों की तस्वीरें लगी हैं, वहीं भारत रत्न, किसान-मजदूरों के मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की तस्वीर न होने पर राष्ट्रीय जाट महासभा भारत ने गहरा आक्रोश जताया है।
महासभा ने स्पष्ट किया है कि चौधरी चरण सिंह जैसे महान किसान नेता की तस्वीर कार्यालय में नहीं लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह किसानों-मजदूरों के योगदान की उपेक्षा के समान है। महासभा ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर किसानों को हाशिए पर डालने का कार्य कर रही है।
महासभा द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि एक माह के भीतर चौधरी चरण सिंह की तस्वीर कार्यालय परिसर में लगाई जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो महासभा को आंदोलन की राह पकड़नी पड़ेगी।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता उदयभान मलिक, एडवोकेट विनोद राठी, एडवोकेट चौधरी पुष्पेंद्र तोमर, एडवोकेट डिंपल चौधरी, एडवोकेट देवव्रत चौधरी, एडवोकेट विपिन चौधरी, एडवोकेट लता चौधरी, नरेश ठेनुआ, अर्जुन चौधरी, दीपक चौधरी, रविंद्र चौधरी, प्रदीप चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय जाट महासभा भारत ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और चौधरी चरण सिंह जी को उचित सम्मान दिलाने का कार्य शीघ्र किया जाएगा।
