रानी अहिल्या बाई होल्कर की त्रिशताब्दी जन्म जयंती पर भाजपा की विचार गोष्ठियों व जनजागरण कार्यक्रमों की तैयारी, पत्रकार वार्ता में दी गई जानकारी
ग्रेटर नोएडा। रानी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती को लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने हेतु 208, कृष्ण अपरा गोल्फ व्यू, अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट (निकट एक्सिस बैंक), ग्रेटर नोएडा में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, सुभाष भाटी, दीपक भारद्वाज, इन्द्र नागर, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, रवि जिन्दल, वीरेंद्र भाटी, मनवीर नागर, अशोक रावल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकारों से संवाद करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि रानी अहिल्या बाई जी का जीवन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को समर्पित रहा। वे भगवान शिव की परम भक्त थीं और उन्होंने काशी विश्वनाथ से लेकर केदारनाथ जैसे अनेक प्राचीन मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया। उन्होंने धर्म और संस्कृति के संरक्षण में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।
उन्होंने जानकारी दी कि 31 मई को रानी अहिल्या बाई जी की त्रिशताब्दी जयंती पर संगठन द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विचार गोष्ठियाँ, महिला सशक्तिकरण के लिए दौड़ का आयोजन, मठ-मंदिरों व नदियों के तटों की सफाई जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
विशेष रूप से प्रबुद्ध वर्ग — अधिवक्ता, डॉक्टर, इंजीनियर, पत्रकार, शिक्षक तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग रानी अहिल्या बाई जी के प्रेरणादायी जीवन और योगदान से अवगत हो सकें।
कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने तथा स्वच्छता, संस्कृति और सेवा जैसे मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
