बेख़ौफ़ बदमाशों ने छात्र की हत्या कर स्कूटी लूटी
नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-71 के शनि मंदिर के पास बीती रात को अज्ञात बदमाशों ने एक छात्र के सिर पर चोट मारकर उसकी हत्या करने के बाद स्कूटी लूट लिया। घटना की रिपोर्ट उसके परिजनों ने थाना फेस-3 में दर्ज करायी है।
थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि सेक्टर-71 के जनता फ्लैट में बीवान दीक्षित (18 वर्ष) रहता था। सेक्टर-70 में उसके परिवार का एक रेस्टोरेंट है। रात को वह वहां पर गया था तथा देर रात 12 बजे के करीब वह अपने घर लौट रहा था। सेक्टर-71 के शनि मंदिर के पास अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर पर किसी भारी चीज से हमला करके उसकी हत्या कर दी। बदमाश बीवान की स्कूटी लूटकर ले गये। पुलिस के अनुसार उसने इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की थी तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से पत्राचार के माध्यम से पढ़ाई कर रहा था। मृतक के घर वालों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना फेस-3 में मुकदमा दर्ज कराया है।