यमुना एक्सप्रेसवे : 30 फीट नीचे गिरी कार, मेडिकल के 3 छात्र घायल
ग्रेटर नोएडा। बुधवार की रात दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे से करीब 30 फीट नीचे एक कार गिर गई। बताया जाता है की कार का अचानक टायर फट गया था। जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ है। इस घटना में कार में सवार आगरा के एक मेडिकल कॉलेज के 3 छात्र घायल हो गए। जिनको बाद में सूचना मिलने पहुंचे यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकलकर ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जिनका वहां इलाज चल रहा है। इस मामले में दनकौर कोतवाली पुलिस ने कोई भी सूचना नहीं होने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, दादरी कोतवाली क्षेत्र के कोट गांव निवासी सौरव व बागपत निवासी अभिषेक और बंबावड निवासी सचिन आगरा के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ते है। बताया जाता है कि बुधवार की रात तीनों वर्ना कार में सवार होकर यमुना एक्सप्रेसवे से ग्रेटर नोएडा की तरफ लौट रहे थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि दनकौर कोतवाली क्षेत्र में स्थित नोएडा इंटरनैशनल यूनिवर्सिटी के नजदीक उनकी कार का अगला टायर अचानक फट गया। जिसके चलते कार अचानक असंतुलित होकर यमुना एक्सप्रेसवे से करीब 30 फीट नीचे कई पलटी खाते हुए पलट गई। इस भीषण हादसे में कार में सवार तीनों दोस्त बुरी तरह से घायल हो गए। जिनको बाद में मौके पर पहुंचे यमुना एक्सप्रेसवे कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार से निकलकर ग्रेनो के एक अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जहां तीनों की हालत में गुरुवार शाम सुधार बताया जा रहा है।